छत्तीसगढ़ पटवारी संघ एक बार फिर से कई मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेगा। जांजगीर-चांपा समेत प्रदेश के सभी पटवारी हड़ताल में शामिल होंगे। संगठन ने पिछले महीने भी हड़ताल किया था। इससे किसानों को काफी परेशानियां हुई थी। किसान जमीन के कामों से परेशान है। पटवारी के हड़ताल में जाने से किसान जमीन संबंधित कामों को पूरा करने में परेशान रहेंगे। राजस्व पटवारी संघ ने अपनी कई मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। वहीं कलेक्टर की अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर श्री वैध को ज्ञापन सौंपा गया।

इस सबंध में राजस्व पटवारी संघ जांजगीर-चांपा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया की पटवारियों की यह मांगे पुरानी हैं। जिसके लिए लगातार शासन- प्रशासन से ज्ञापन के माध्यम से निवेदन किया जा रहा है। बता दें कि दिसम्बर 2020 में भी पटवारियों द्वारा विभिन्न चरणों में इन्ही मांगों को लेकर आंदोलन किया गया था। जिसमें लगभग 14 दिनों का अनिश्चितकालीन हड़ताल भी शामिल है, राजस्व मंत्री के आश्वासन पर हड़ताल को स्थगित किया गया था। किंतु 2 वर्ष बाद भी मांगो पर उचित कार्यवाही नही किया गया। विगत 24 अप्रैल को रायपुर में प्रदेश भर के लगभग 4000 पटवारियों ने सांकेतिक आंदोलन के रूप में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन भी किया है। लेकिन अबतक मांगो पर ध्यान नहीं दिया गया है, फिर राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ ने 14 मई तक मांगे पूर्ण करने हेतु ज्ञापन सौंपा है, मांगे पूर्ण नही होने की स्थिति में 15 मई से अनिश्चित कालीन हड़ताल में जाने का निर्णय लिया है।
