एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने जीत के साथ की शुरुआत, चीन को 7-2 से दी करारी शिकस्त



भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गुरुवार, 3 अगस्त 2023 को चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के अपने पहले मैच में चीन को 7-2 से करारी शिकस्त दी। तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में जीत के साथ, अंतर के आधार पर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। वहीं गुरुवार को होने वाले अन्य मुकाबलों में दक्षिण कोरिया ने जापान को 2-1 से हराया जबकि मलेशिया ने पाकिस्तान को 3-1 से हराया। इस ग्रुप चरण में अब भारत का मुकाबला जापान से, दक्षिण कोरिया का पाकिस्तान से और चीन का मुकाबला मलेशिया से होगा। बता दें, दुनिया की चौथे नंबर की टीम भारत प्रतिष्ठित 10 दिवसीय टूर्नामेंट में सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम है।

मैच के दौरान हुए गोल

भारत की तरफ से हरमनप्रीत सिंह और वरुण ने 2-2, सुखजीत, आकाशदीप और मनदीप ने 1-1 गोल किया, जबकि चीन की तरफ से वेनहुई और जिशेंग गाओ ने 1-1 गोल किया।

पहले क्वार्टर में ही भारत ने बना ली थी बढ़त

मैच में भारत ने जोरदार शुरुआत की और पहले क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से 2-0 की बढ़त बना ली। हरमनप्रीत ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। मैच के 15वें मिनट में एक और पेनल्टी को गोल में बदलकर सुखजीत ने भारत को पहले क्वार्टर में 3-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम 6-2 से रही आगे

आकाशदीप ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया, लेकिन दो मिनट बाद ही मैच के 18वें मिनट में वेनहुई भारत की रक्षात्मक चूक का फायदा उठाया और गोल कर चीन का खाता खोला, हालांकि वरुण की योजना कुछ और थी और उन्होंने अगले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत का स्कोर 5-1 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में चीन को जिशेंग गाओ ने एक और गोल करके स्कोर 5-2 कर दिया। दूसरे क्वार्टर के अंत में वरुण ने एक बार फिर गोल करके घरेलू टीम का स्कोर 6-2 कर दिया। मध्यांतर तक भारतीय टीम 6-2 से आगे रही।

तीसरे क्वार्टर में यह स्कोर निर्णायक हुआ साबित

तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने आक्रमण जारी रखा और 40वें मिनट में तीसरे क्वार्टर में मनदीप ने पेनल्टी को गोल में बदलकर भारत को 7-2 की बढ़त दिला दी और अंत में यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ।

9 अगस्त को भारत और पाकिस्तान का रोमांचक मुकाबला

बताना चाहेंगे हॉकी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 का आयोजन 3 से 12 अगस्त 2023 तक चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में किया जा रहा है। चीन के खिलाफ अपना मुकाबला खेलने के बाद भारतीय टीम आज रात दुनिया में 19वें नंबर की टीम जापान से भिड़ेगी। इसके बाद भारत विश्व में 10वें नंबर पर मौजूद मलेशिया और 9वें नंबर की टीम कोरिया के खिलाफ अपने मैच खेलेगी। वहीं अपने अभियान में 7 अगस्त को भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया के खिलाफ एक्शन में नजर आएगी तो वहीं 9 अगस्त को भारत और पाकिस्तान का रोमांचक मुकाबला भी देखने को मिलेगा।

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के लिए भारतीय टीम

गोलकीपर: पीआर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक

डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, सुमित, जुगराज सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), वरुण कुमार, अमित रोहिदास

मिडफील्डर: हार्दिक सिंह (उप-कप्तान), विवेक सागर प्रसाद, मनप्रीत सिंह, नीलकांता शर्मा, शमशेर सिंह

फॉरवर्ड: आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, गुरजंत सिंह, सुखजीत सिंह, एस कार्थी

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 हॉकी शेड्यूल:  
                                                 
4 अगस्त, शुक्रवार दक्षिण कोरिया बनाम पाकिस्तान शाम 4.00 बजे
4 अगस्त, शुक्रवार चीन बनाम मलेशिया शाम 6.15 बजे
4 अगस्त, शुक्रवार भारत बनाम जापान रात 8.30 बजे
6 अगस्त, रविवार चीन बनाम दक्षिण कोरिया शाम 4.00 बजे
6 अगस्त, रविवार जापान बनाम पाकिस्तान शाम 6.15 बजे
6 अगस्त, रविवार भारत बनाम मलेशिया रात 8.30 बजे
7 अगस्त, सोमवार जापान बनाम मलेशिया शाम 4.00 बजे
7 अगस्त, सोमवार पाकिस्तान बनाम चीन शाम 6.15 बजे
7 अगस्त, सोमवार भारत बनाम दक्षिण कोरिया रात 8.30 बजे
9 अगस्त, बुधवार जापान बनाम चीन शाम 4.00 बजे
9 अगस्त, बुधवार मलेशिया बनाम दक्षिण कोरिया शाम 6.15 बजे
9 अगस्त, बुधवार भारत बनाम पाकिस्तान रात 8.30 बजे
11 अगस्त, शुक्रवार पांचवें स्थान के लिए प्ले-ऑफ दोपहर 3.30 बजे
11 अगस्त, शुक्रवार सेमीफाइनल 1 शाम 6.00 बजे
11 अगस्त, शुक्रवार सेमीफाइनल 2 रात 8.30 बजे
12 अगस्त, शनिवार तीसरे स्थान के लिए प्ले-ऑफ शाम 6.00 बजे
12 अगस्त, शनिवार फाइनल रात 8.30 बजे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *