बिलासपुर:- ईंट उधारी के पुराने विवाद को लेकर एक महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता बृहस्पति मरावी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला?
रतनपुर थाने के ग्राम कलमीटार की निवासी बृहस्पति मरावी, जो मजदूरी का कार्य करती हैं, ने बताया कि उन्होंने लगभग 2 साल पहले गांव के ही ब्रम्हा मरावी से 650 ईंटें उधार ली थीं। 3 जनवरी 2026 को जब ब्रम्हा ने अपनी ईंटें वापस मांगी, तो बृहस्पति ने जल्द ही लौटाने का आश्वासन दिया था।
गाली-गलौज और मारपीट
शिकायत के अनुसार, दिनांक 4 जनवरी 2026 की शाम करीब 5:00 बजे जब बृहस्पति अपने घर के पास थीं, तभी ब्रम्हा मरावी अपनी पत्नी गंगा मरावी और मां सावित्री मरावी के साथ वहां पहुंचे। ईंटों की मांग को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने बृहस्पति को गंदी-गंदी गालियां दीं और हाथ-थप्पड़ से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
बीच-बचाव करने आई बेटी भी घायल
जब बृहस्पति की बेटी रंजिता मरावी अपनी मां को बचाने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी बदसलूकी की और मारपीट की। इस हमले में रंजिता के गले में चोटें आई हैं। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण भी मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव देखा और सुना।
कानूनी कार्यवाही की मांग
पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
