अकलतरा – आपने अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशासन से अपनी मांगे मनवाने के लिए जल सत्याग्रह अर्थात पानी में खड़े होकर सत्याग्रह करने की खबरें तो बहुत देखी-सुनीं होंगी। लेकिन हम आपको एक ऐसे सत्याग्रह की बात बता रहे हैं जिसमें वार्ड की समस्याओं को लेकर अपने आवेदन और निवेदन पर कार्यवाही नहीं होने से नाराज पूर्व फौजी और वर्तमान पार्षद सत्याग्रह करते हुए अपने वार्ड की नाली में ही बैठ गए। यह खबर लगते ही पूरा प्रशासन दौड़ पड़ा।बात छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में स्थित अकलतरा की है। वहां फौज से रिटायर होने के बाद रहने वाले रोहित सारथी को उनकी सामाजिक गतिविधियों के कारण लोग काफी श्रद्धा और सम्मान से देखते हैं।

आम जनता ने इसी सक्रियता को देखते हुए रोहित सारथी को अकलतरा नगर पालिका के एक वार्ड का पार्षद भी बना दिया। उनके अपने वार्ड में एक मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम लोगों के सहयोग से रोहित सारथी ने अपने हाथ में लिया। लेकिन प्रशासन ने विघ्नसंतोषियों के चक्कर में आकर मंदिर के काम को रुकवा दिया। फिर अज्ञात लोगों के द्वारा रात के समय निर्माण कार्य को तोड़ दिया गया। इतना ही नहीं रोहित सारथी और उनके वार्ड के लोगों को परेशान करने के लिए 3 दिन पहले उनके वार्ड की नाली को बंद करा दिया गया। इससे पूरे वार्ड वासी परेशान हो गए।